Jhansi Ki Rani - Lakshmibai #17 - Vrindavan Lal Verma
इस कहानी को audio में सुनने के लिए पोस्ट के अंत में जाएँ। 52 सब कर्मचारियों को अपने अपने विभागों को दृढ़ता और सावधानी के साथ सम्भालने और चलाने का आदेश रानी के कर दिया। सवेरे से ही रिसाले और पैदल पलटनों की क़वायद और निशानेबाज़ी शुरू हो गयी। समय पर बिगुल बजा और ठीक समय पर सब काम हुआ और होता रहा। सेना में लगभग सब पुराने सिपाही आ गए। नई भर्ती भी बहुत हुई। सब जातियों और वर्गों के आदमी लिए गए। रानी की हिदायत थी कि सेना को सारे राज्य की जनता अपना समझे और यह तभी हो सकता था सब जातियों के लोग रक्खे जाते। झाँसी का राज्य लेने पर अंग्रेजों ने लगभग सब पुरानी तोपों को कीलें ठोक कर , बेकार कर दिया था। तोपों के ढालने के कारखानों को चालू करने का कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। गोले गोलियाँ बनाने का , तलवारें बंदूक़ें , पिस्तौलें इत्यादि तैयार करने का भी काम जारी हो गया। परंतु नए हथियारों का कारख़ानों से बनकर निकलना शीघ्र सम्पादित नहीं हो सकता था। इसलि...